सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- सोनभद्र के सुकृत गांव के शारीरिक शिक्षक संजय सिंह (47 वर्ष) का चयन 23वीं एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। 5 से 9 नवंबर 2025 तक चेन्नई में आयोजित इस प्रतियोगिता में वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन का आधार जनवरी 2025 में बैंगलुरू राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप में 10 किमी दौड़ में शानदार प्रदर्शन रहा।
1988 से दौड़ रहे संजय ने अब तक 13 राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, 11 हाफ मैराथन (21.097 किमी) और 8 फुल मैराथन (42.195 किमी) पूरी कीं, कई पदक जीते। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन सोनभद्र के सचिव व कबड्डी संघ उपाध्यक्ष संजय बचपन से दौड़ प्रेमी हैं। वे बताते हैं, “स्कूल तक दौड़कर जाता था, मारकुण्डी स्कूल भी दौड़ते हुए पहुंचता था।” 37 वर्षों का सपना अब साकार हो रहा है, जब वे एशियाई धावकों से मुकाबला करेंगे।
सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, गुरुओं, भाई-बहनों और पत्नी को दिया। बड़ा बेटा राजवीर सिंह ने पिछले साल दिल्ली में राष्ट्रीय तीरंदाजी में कांस्य जीता। संजय के शिष्य शिक्षक, पुलिस, सेना, जल, न्याय व खेल विभाग में सेवारत हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्रीड़ा अधिकारी, गांव प्रधान व खेल प्रेमियों ने बधाई दी। संजय बोले, “यह सोनभद्र की जीत है।” चेन्नई में 10 किमी दौड़ में भारत को गौरवान्वित करेंगे।