नई दिल्ली :- दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार आतंकियों ने पूरे देश में एक साथ 32 कारों में विस्फोट की योजना बनाई थी। लाल किले के पास हुआ धमाका इस भयावह साजिश का सिर्फ ट्रेलर था। जांच एजेंसियों को मिले सबूत बताते हैं कि यह हमला दीवाली और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय अवसरों को निशाना बनाने की तैयारी का हिस्सा था। इस योजना का मकसद देशभर में दहशत फैलाना और प्रशासन को अस्थिर करना था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार संदिग्धों ने अमोनियम नाइट्रेट और अन्य रासायनिक पदार्थों का बड़ा भंडार तैयार किया था।
दिल्ली फरीदाबाद और नोएडा से कई वाहनों को बरामद किया गया है जिनमें विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आतंकी गिरोह को विदेशी नेटवर्क से आर्थिक सहायता मिल रही थी। पुलिस और एनआईए की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि अगर यह योजना पूरी होती तो देश को कई जगहों पर भयानक तबाही का सामना करना पड़ता। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां देश के हर संवेदनशील इलाके में अलर्ट पर हैं ताकि किसी नई साजिश को समय रहते रोका जा सके।