Bye-elections पाकिस्तान:- पाकिस्तान में हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 में से 12 सीटें जीत ली हैं। इनमें छह नेशनल असेंबली और सात पंजाब असेंबली सीटें शामिल हैं। पीएमएल-एन ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में हुए उपचुनाव में विपक्षी दलों को पीछे छोड़ दिया है पीएमएल-एन की इस जीत को पाकिस्तान की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, खासकर जब विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने अधिकांश सीटों पर चुनाव से दूरी बनाए रखी थी। पीटीआई ने केवल दो नेशनल असेंबली सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे।
उपचुनाव के परिणामों के अनुसार, पीएमएल-एन ने पंजाब असेंबली की सीट पीपी-269 मुजफ्फरगढ़ को छोड़कर सभी सीटें जीती हैं, जो पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के खाते में गई है। पीपीपी के मियां आलमदार अब्बास कुरैशी ने मुजफ्फरगढ़ सीट पर जीत हासिल की है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पीएमएल-एन की जीत पर खुशी जताई है और इसे पार्टी की नीतियों और नेतृत्व की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी के लिए एक नया अवसर है और वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने के लिए काम करेंगे ।