अभी ना जाओ छोड़ कर की दिल अभी भरा नहीं, बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई (महाराष्ट्र):- बॉलीवुड के महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे देश को शोक में डुबा दिया है। सोमवार की सुबह जैसे ही उनके दुनिया से विदा लेने की जानकारी सामने आई फिल्म जगत से लेकर आम दर्शकों तक हर दिल भर आया। धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे बल्कि हिंदी सिनेमा की धड़कन थे जिन्होंने कई पीढ़ियों को अपने अभिनय अपनी मुस्कान और अपनी सादगी से मंत्रमुग्ध किया। उनका जाना भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत जैसा महसूस हो रहा है।

 

उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर भावनाओं की लहर दौड़ गई। दिग्गज निर्देशक करण जौहर ने अपने पोस्ट में उन्हें याद करते हुए लिखा कि धरम जी एक ऐसे कलाकार थे जो हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि धरम जी सिर्फ एक थे और एक ही रहेंगे क्योंकि उनके जैसा संयम उनकी जैसी विनम्रता और उनके जैसा करिश्मा शायद ही फिर कभी देखने को मिले। फिल्म जगत के कई अन्य कलाकारों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि धर्मेंद्र हमेशा सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहे।

 

धर्मेंद्र की फिल्मी यात्रा बेहद शानदार रही। उन्होंने रोमांस एक्शन और भावनाओं से भरी अनेक फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए जो लोगों की यादों में हमेशा जीवित रहेंगे। वीरू का जोशीला अंदाज गरीबों के मसीहा की छवि और गंभीर भूमिकाओं में उनकी आंखों की भावनाएं आज भी दर्शकों को प्रभावित करती हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में न सिर्फ सफल फिल्में दीं बल्कि अपने व्यवहार से भी सभी का दिल जीता।

उनका जाना फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके प्रशंसक मानते हैं कि भले ही धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उन्होंने जो कला और सौम्यता की विरासत छोड़ी है वह हमेशा जीवित रहेगी। उनकी फिल्मों का प्रभाव आने वाले समय में भी नए कलाकारों और दर्शकों को प्रेरित करता रहेगा। धर्मेंद्र को हमेशा एक सच्चे कलाकार एक सच्चे इंसान और भारतीय सिनेमा के चमकते सितारे के रूप में याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *