नई दिल्ली :- भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण UIDAI अब आधार कार्ड को एक नए और अत्यधिक सुरक्षित रूप में पेश करने की तैयारी में है। इस नए आधार कार्ड में आपकी पुरानी पहचान से जुड़ी लगभग सारी जानकारी हटा दी जाएगी। अब न तो पता दिखाई देगा न जन्मतिथि और न ही बारह अंकों का आधार नंबर। कार्ड पर केवल आपकी फोटो और एक उन्नत सुरक्षा वाला QR कोड होगा जो आपकी पहचान की पूरी पुष्टि कर सकेगा। यह बदलाव देश में बढ़ रहे डेटा दुरुपयोग और अनधिकृत वेरिफिकेशन को रोकने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अक्सर लोग होटल में चेक इन करते समय आधार की फोटोकॉपी जमा कर देते हैं। कई बार यह फोटोकॉपी वर्षों तक वहीं रहती है और गलत हाथों में पड़कर किसी भी प्रकार के डिजिटल फ्रॉड का कारण बन सकती है। नए आधार कार्ड के आने के बाद यह पूरी प्रक्रिया बदल जाएगी। होटल हो या इवेंट स्थल या कोई अन्य स्थान अब किसी भी संस्था को आधार की कॉपी रखने की अनुमति नहीं होगी। सभी जगह ऑनलाइन वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा जिससे उपयोगकर्ता के व्यक्तिगत विवरण पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
UIDAI की योजना के अनुसार इस नए ढांचे का उद्देश्य ऑफलाइन आधार वेरिफिकेशन को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करना है। अभी भी कई जगह पुराने कार्ड की मांग की जाती है और उसी की फोटोकॉपी लेकर पहचान की पुष्टि हो जाती है। लेकिन इससे जानकारी के दुरुपयोग का खतरा बना रहता है। नए QR आधारित सिस्टम में आधारधारक की पहचान केवल स्कैनिंग के माध्यम से ही मान्य होगी और कोई भी व्यक्तिगत जानकारी किसी के पास सुरक्षित रूप में स्टोर नहीं रह पाएगी।
इस बदलाव से नागरिकों की गोपनीयता को मजबूत सुरक्षा मिलेगी। डिजिटल पहचान का प्रबंधन सरल होगा और आधार के दुरुपयोग के मामले काफी हद तक कम होंगे। आने वाले समय में इस नए आधार कार्ड को व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा ताकि हर व्यक्ति को सुरक्षित और आधुनिक पहचान प्रणाली का लाभ मिल सके।