लखनऊ (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025 के अवकाश कैलेंडर में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए 25 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। यह अवकाश नौवें सिख गुरु गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की पावन स्मृति को समर्पित है। उनके बलिदान को नमन करते हुए राज्य भर में मंगलवार को सभी स्कूल कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपनी प्राण आहुति देकर विश्व इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनका बलिदान भारत की सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना का आधार माना जाता है। इसी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार ने शहादत दिवस को अधिक सम्मानजनक तरीके से मनाने का निर्णय लिया है।
सरकारी आदेश के अनुसार सभी शैक्षणिक संस्थानों सरकारी विभागों न्यायालयों और कार्यालयों में मंगलवार को पूर्ण अवकाश रहेगा। वहीं निजी संस्थानों के लिए भी अवकाश का पालन करने की अपील की गई है ताकि समाज के सभी वर्ग गुरु तेग बहादुर जी के संदेशों और शिक्षाओं पर मनन कर सकें।
इस अवकाश का उद्देश्य केवल सरकारी घोषित छुट्टी भर नहीं है बल्कि यह लोगों को उस ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ने का अवसर है जिसमें साहस निस्वार्थता और मानव अधिकारों की रक्षा का संदेश समाहित है। प्रदेश भर में गुरुद्वारों में कीर्तन दीवान और सेवा गतिविधियों का आयोजन होने की संभावना है ताकि अधिक से अधिक लोग गुरु साहिब के जीवनचरित्र से प्रेरणा ले सकें।
इस घोषणा से राज्य में आध्यात्मिक वातावरण और सामुदायिक सौहार्द को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम संस्कृति और विरासत के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।