नई दिल्ली:-फिल्म धुरंधर ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। दर्शकों का भरपूर समर्थन और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा कर रहा है। महज 11 दिनों के भीतर धुरंधर ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
फिल्म की सफलता का असर साफ तौर पर अन्य रिलीज पर भी देखने को मिल रहा है। धुरंधर ने अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म सैयारा को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। जहां सैयारा से बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही थीं वहीं धुरंधर ने अपनी मजबूत कहानी और दमदार प्रस्तुति के दम पर बाजी मार ली है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार फिल्म की ओपनिंग से लेकर दूसरे हफ्ते तक की कमाई में स्थिरता बनी हुई है जो किसी भी फिल्म के लिए बड़ा संकेत मानी जाती है। मल्टीप्लेक्स से लेकर सिंगल स्क्रीन तक दर्शकों की अच्छी मौजूदगी दर्ज की जा रही है। खासकर युवा वर्ग और फैमिली ऑडियंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही है।
फिल्म की कहानी अभिनय और तकनीकी पक्ष की जमकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर भी धुरंधर को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यही वजह है कि रिलीज के इतने दिनों बाद भी फिल्म की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है।
अगर यही रुझान बना रहा तो आने वाले दिनों में धुरंधर कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का यह प्रदर्शन इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों की सूची में मजबूती से खड़ा कर रहा है।