Ghaziabad unit दिल्ली:- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद में एक बड़े नकली दवा रैकेट का भंडाफोड़ किया है जिसमें 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकली दवाएं और कच्चा माल बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान गौरव भगत और श्रीराम उर्फ विशाल गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नकली दवाएं बनाने और बेचने में शामिल थे जिनमें बेटनोवेट-सी और क्लोप-जी जैसे लोकप्रिय मलहम शामिल हैं। ये दवाएं स्कीन इंफेक्शन, एलर्जी और खेल से संबंधित चोटों के इलाज में व्यापक रूप से उपयोग की जाती हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी इन नकली दवाओं को असली ब्रांडेड उत्पादों के रूप में बेच रहे थे जिससे जन स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास दवा उत्पादों के निर्माण, भंडारण या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने 12 दिसंबर को क्राइम ब्रांच थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिसर से नकली दवाएं भारी मात्रा में कच्चे रसायन, पैकिंग सामग्री, जाली ब्रांड लेबल वाली खाली ट्यूबें और मलहमों को मिलाने, भरने और सील करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद हुई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।