महंगे सोने और चांदी से सर्राफा बाजार में मंदी

नई दिल्ली :- सोने और चांदी की कीमतों में लगातार हो रही तेज बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि 10 ग्राम सोने का भाव डेढ़ लाख रुपये के करीब पहुंच गया है जबकि एक किलो चांदी की कीमत भी दो लाख रुपये के आसपास जा पहुंची है। इन रिकॉर्ड स्तर की कीमतों का सीधा असर सर्राफा बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है।

बढ़ती कीमतों के कारण बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। आभूषण खरीदने आने वाले लोग अब केवल दाम पूछकर लौटते नजर आ रहे हैं। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि मांग में भारी गिरावट आई है और रोजमर्रा का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पहले जहां शादी विवाह और त्योहारों के मौसम में बाजारों में रौनक रहती थी वहीं अब दुकानों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

व्यापारियों के अनुसार सोने और चांदी की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। निवेश के नजरिए से भी लोग अब सतर्कता बरत रहे हैं। कई ग्राहक कीमतों में संभावित गिरावट का इंतजार कर रहे हैं ताकि सही समय पर खरीदारी की जा सके। इसके चलते लेनदेन की गति धीमी पड़ गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रही अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण कीमती धातुओं के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है। जब तक कीमतों में स्थिरता नहीं आती तब तक सर्राफा बाजार में सुस्ती बने रहने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में अगर कीमतें संतुलित होती हैं तो बाजार में फिर से रौनक लौट सकती है। तब तक महंगे सोने और चांदी ने खरीददारों और व्यापारियों दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *