मोहाली :- मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों का पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश घायल हुए जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से हथियार और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 15 तारीख को कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी बदमाशों ने पहले उनसे सेल्फी लेने के बहाने बातचीत शुरू की और फिर अचानक गोली चला दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी और खेल जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई थी।
घटना के बाद मोहाली पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज के साथ साथ तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एनकाउंटर हुआ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं और उनसे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। एनकाउंटर के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी तरह की अफरा तफरी न फैले।
कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्या ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। अब शूटरों के एनकाउंटर के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।