थाईलैंड से लौटे लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

पणजी :- गोवा के Birch by Romeo Lane नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से भारत वापस लाकर दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों भाई 25 लोगों की मौत वाले अग्निकांड के आरोपियों के रूप में तलाश में थे और पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस की कार्रवाई के तहत लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से डिपोर्ट किया गया और जैसे ही वे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे, गोवा पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया जहां पुलिस ने उनके लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की है ताकि उन्हें गोवा तक पुलिस कस्टडी में ले जाया जा सके।

 

घटना 6 दिसंबर 2025 को गोवा के अरपोरा में स्थित इस नाइटक्लब में हुई थी जब क्लब के भीतर चल रहे कार्यक्रम के दौरान आग फैल गई थी, जिससे 25 लोगों की मौत और कई के घायल होने की जानकारी मिली। अग्निकांड के तुरंत बाद लूथरा ब्रदर्स देश से फरार हो गए थे और कुछ दिनों बाद थाई पुलिस ने उन्हें वहीं पकड़ लिया था। उनकी गिरफ्तारी और भारत वापसी Interpol के ब्लू कॉर्नर नोटिस और पासपोर्ट निलंबन के बाद संभव हुई।

 

गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोप जैसे गैर इरादतन हत्या और लापरवाही के तहत मामला दर्ज किया है और अब उनसे विस्तृत पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। लूथरा ब्रदर्स को गोवा ले जाकर मामले की जांच और साक्ष्य एकत्र करने में पुलिस की मदद करने की योजना बनाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *