Sports minister पश्चिम बंगाल:- पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने लियोनल मेस्सी के कोलकाता दौरे के दौरान हुए विवाद के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मेस्सी के दौरे के दौरान कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में हुए हंगामे के बाद बिस्वास ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
बिस्वास ने अपने इस्तीफे में कहा कि वे इस विवाद की निष्पक्ष जांच के लिए अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिस्वास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और अब वे खुद खेल विभाग का कार्यभार संभालेंगी। अरूप बिस्वास तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वे टॉलीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे 2006 से इस सीट से लगातार जीत रहे हैं। बिस्वास ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस की छात्र शाखा से की थी और 1998 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे।
इस विवाद के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार और बिधाननगर पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा बिधाननगर के डीसीपी अनीश सरकार को निलंबित कर दिया गया है। मेस्सी के कोलकाता दौरे के दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस ने आयोजनकर्ता शताद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया था। दत्ता को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।