जब फैशन बना चर्चा का विषय और हंसी की वजह

नई दिल्ली :- साल 2025 खत्म होने को है और इसके साथ ही फैशन की दुनिया ने लोगों को हैरानी के कई मौके दिए। इस साल कुछ ऐसे ट्रेंड सामने आए जिन्हें देखकर आम लोग ही नहीं बल्कि फैशन समझने वाले भी सोच में पड़ गए। किसी ने इसे क्रिएटिव आजादी कहा तो किसी ने खुलेआम भद्दा मजाक। सोशल मीडिया पर इन अजीब फैशन ट्रेंड्स की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हुए और लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

सबसे ज्यादा चर्चा में रहा 35 लाख रुपये की कीमत वाला ऑटो बैग। देखने में यह बिल्कुल एक आम ऑटो रिक्शा जैसा था लेकिन इसे लग्जरी फैशन आइटम के तौर पर पेश किया गया। लोग हैरान थे कि जिस ऑटो में रोज सफर किया जाता है वही अब अमीरों के कंधे पर बैग बनकर टंगा नजर आ रहा है। कई यूजर्स ने इसे अमीरों का शौक बताया तो कई ने इसे आम आदमी की जिंदगी का मजाक करार दिया।

इसके अलावा एक टांग वाली जींस ने भी फैशन प्रेमियों को चौंका दिया। इस जींस में एक पैर पूरी तरह ढका था जबकि दूसरा बिल्कुल खुला हुआ। डिजाइनरों का कहना था कि यह अलग सोच और बोल्ड एक्सप्रेशन का प्रतीक है लेकिन आम लोगों को यह अधूरा कपड़ा ज्यादा लगा। सोशल मीडिया पर मीम्स की भरमार हो गई और लोगों ने सवाल उठाया कि क्या फैशन अब समझ से बाहर होता जा रहा है।

साल 2025 के ये ट्रेंड यह दिखाते हैं कि फैशन अब सिर्फ पहनावे तक सीमित नहीं रहा बल्कि चर्चा और विवाद का जरिया भी बन गया है। कुछ लोगों ने इन अजीब प्रयोगों को सराहा तो कुछ ने साफ कहा कि फैशन के नाम पर हदें पार की जा रही हैं। एक बात तय है कि इस साल फैशन ने लोगों को चुप रहने नहीं दिया और हर किसी को अपनी राय रखने का मौका जरूर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *