राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का सफल आयोजन

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- सोनभद्र जनपद के घोरावल क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती में दिनांक 19.12.2025 दिन शुक्रवार को कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा दिखाना तथा शिक्षा के साथ साथ विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह और प्रेरणा से भरा हुआ रहा।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना घोरावल के प्रतिनिधि राम ज्ञान यादव जी उपस्थित रहे। उनके साथ महिला कांस्टेबल की गरिमामयी उपस्थिति ने छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ मंजूलता पटेल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सही मार्गदर्शन मिलना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

 

कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका शिल्पी जायसवाल राजकीय हाई स्कूल पडवनिया परसौना के समस्त स्टाफ बीआरसी घोरावल से मयंक दुबे तथा गांव के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को अपने अनुभवों के माध्यम से जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

 

कैरियर गाइडेंस मेले के दौरान छात्राओं ने अपनी अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। किसी ने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए तो किसी ने कला और सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे। छात्राओं का आत्मविश्वास और प्रस्तुति सभी के लिए प्रेरणादायक रही। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से विवेक कुमार तिवारी ने प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की सराहना की।

यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ बल्कि अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय के लिए भी शिक्षा के महत्व को समझने का अवसर बना। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *