धुरंधर में रहमान डकैत के बेटे के किरदार ने जीता दर्शकों का दिल

नई दिल्ली :- फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार सफलता की नई इबारत लिख रही है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज दो हफ्तों में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। दमदार कहानी और मजबूत अभिनय के बीच एक ऐसा किरदार भी है जिसने बिना ज्यादा संवाद बोले दर्शकों के दिल में गहरी छाप छोड़ दी है। यह किरदार है रहमान डकैत के छोटे बेटे फैजल का।

फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत की भूमिका निभाई है जबकि सौम्या टंडन उनकी पत्नी के रूप में नजर आई हैं। लेकिन इन दोनों के बीच जिस चेहरे ने सबका ध्यान खींचा वह है 14 वर्षीय बाल कलाकार अजिंक्य मिश्रा। अजिंक्य ने रहमान डकैत के बेटे फैजल का रोल निभाया है और अपनी मासूम आंखों और भावपूर्ण अभिनय से कहानी को और असरदार बना दिया है।

खास बात यह है कि फैजल के किरदार में संवाद बेहद कम हैं। इसके बावजूद अजिंक्य मिश्रा ने अपने हाव भाव और आंखों के जरिए भावनाओं को इस तरह पेश किया कि दर्शक उनसे जुड़ते चले गए। कई सीन में उनका शांत चेहरा और भीतर छुपा डर कहानी को और गहराई देता है। यही वजह है कि फिल्म देखने के बाद लोग इस बाल कलाकार के बारे में जानना चाहते हैं।

अजिंक्य मिश्रा बिहार से ताल्लुक रखते हैं और कम उम्र में ही उन्होंने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर बाल कलाकारों की भूमिका सीमित रह जाती है लेकिन धुरंधर में फैजल का किरदार कहानी की आत्मा जैसा महसूस होता है।

सोशल मीडिया पर भी अजिंक्य के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि उन्होंने बिना बोले भी बहुत कुछ कह दिया। कई दर्शकों का मानना है कि यह किरदार फिल्म की भावनात्मक मजबूती की सबसे बड़ी वजह है।

धुरंधर की सफलता के साथ अजिंक्य मिश्रा का नाम भी चर्चा में आ गया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह बिहार का लाल बॉलीवुड में एक नई पहचान बना सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *