गोरखपुर (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां घबराहट की दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंची एक महिला के साथ मेडिकल स्टोर के संचालक ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने महिला को स्टोर के अंदर बंद कर इस वारदात को अंजाम दिया और फिर उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
पीड़िता के अनुसार वह दवा खरीदने के लिए मेडिकल स्टोर गई थी। उसी दौरान स्टोर संचालक ने मौका देखकर शटर गिरा दिया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया और इसके बाद उसे वायरल करने की धमकी देकर डराने लगा।
घटना के बाद मानसिक रूप से परेशान महिला ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।