IND VS SRI तिरुवनंतपुरम:- भारत और श्रीलंका के बीच चल रही टी20 सीरीज के तीसरे मैच से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि उनकी टीम को खेल के सभी पहलुओं में सुधार की जरूरत है। मजूमदार ने कहा, “हम खेल के तीनों पहलुओं – बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण – में सुधार करने के बारे में हमेशा बात करते हैं लेकिन असल में एक चौथा पहलू भी है और वह फिटनेस है। हमारी टीम प्रगतिशील है और हम अपने खेल में लगातार सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं”।
मजूमदार ने कहा कि टीम अगले साल ब्रिटेन में होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नए खिलाड़ियों और नए कॉम्बिनेशन को आजमा रही है। उन्होंने कहा, “हम विश्व कप से पहले पूरी तरह व्यवस्थित होने के लिए कई चीजों को आजमा रहे हैं” भारत ने पहले दो मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है लेकिन मजूमदार ने कहा कि टीम को श्रीलंका को कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा, “श्रीलंका एक बहुत अच्छी टीम है और हमें उनका सम्मान करना चाहिए”।