दिल्ली में नए साल के जश्न में ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी

नई दिल्ली :- दिल्ली में नए साल के स्वागत के दौरान जश्न का माहौल तो चरम पर रहा लेकिन इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले भी तेजी से बढ़ गए। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर राजधानी की सड़कों पर नशे में वाहन चलाने वालों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक दर्ज की गई। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार इस दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने के 868 चालान काटे गए जो आम दिनों से लगभग तीन गुना ज्यादा हैं।

 

केवल नशे में ड्राइविंग ही नहीं बल्कि कुल मिलाकर 8888 ट्रैफिक उल्लंघन दर्ज किए गए। इनमें तेज रफ्तार खतरनाक ड्राइविंग रेड लाइट जंप करना बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना जैसे मामले शामिल रहे। देर रात तक दिल्ली के प्रमुख इलाकों कनॉट प्लेस साउथ दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर और नोएडा कनेक्टिंग सड़कों पर पुलिस की सख्त चेकिंग देखने को मिली।

 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नए साल को देखते हुए विशेष अभियान चलाया था। कई जगह बैरिकेडिंग कर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। बावजूद इसके बड़ी संख्या में लोग नियमों की अनदेखी करते नजर आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों में उत्साह के साथ लापरवाही भी देखने को मिली जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा बढ़ गया।

 

नशे में वाहन चलाने से कई स्थानों पर मामूली हादसों की भी खबरें सामने आईं हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं मिली। पुलिस की सतर्कता के कारण कई संभावित हादसों को समय रहते टाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना लगाया गया और कुछ मामलों में वाहन भी जब्त किए गए।

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जश्न मनाना गलत नहीं है लेकिन सुरक्षा से समझौता करना जानलेवा हो सकता है। सार्वजनिक परिवहन कैब और मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे ताकि सड़कों पर लोगों की जान सुरक्षित रखी जा सके। नए साल की खुशी तभी पूरी मानी जाएगी जब हर व्यक्ति सुरक्षित घर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *