रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चार लोग घायल

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के धर्मापुर क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर बुधवार को जमकर मारपीट हुई जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। घटना गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना गांव की है जहां मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। लाठी डंडों से हुए हमले के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गजना गांव निवासी बालेनाथ और बबलू के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बबलू पक्ष के कई लोग एकजुट हो गए और लाठी डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में बालेनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच बचाव करने पहुंचीं नीतू देवी और संगीता को भी नहीं बख्शा गया। हमले में सुजीत कुमार भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है हालांकि कुछ घायलों को शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *