T20 Cricket दिल्ली:- टी20 क्रिकेट में गेंदबाजों की भूमिका को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर साइमन टॉफल ने एक बड़ा सुझाव दिया है। उनका मानना है कि एक गेंदबाज को पांच ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति दी जानी चाहिए जिससे मैच में रणनीतिक गहराई आएगी और बल्लेबाजों का दबदबा कम होगा ।
टॉफल का कहना है कि टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा बढ़ रहा है, और गेंदबाजों के पास सीमित विकल्प बचे हैं। उन्होंने कहा, “मैं देखना चाहता हूं कि टी20 क्रिकेट में एक गेंदबाज पांच ओवर गेंदबाजी करे। अगर एक बल्लेबाज पूरे 20 ओवर खेल सकता है और 100 रन बना सकता है, तो गेंदबाजों को भी कुछ अतिरिक्त मिलना चाहिए” टॉफल का यह सुझाव क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है। उनका मानना है कि यह बदलाव टी20 क्रिकेट को और अधिक रोमांचक बनाएगा और गेंदबाजों को नई रणनीति बनाने का मौका देगा। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव गेंदबाजों के लिए अतिरिक्त दबाव ला सकता है और मैच के परिणाम को प्रभावित कर सकता है।