वेनेजुएला की राजधानी काराकास में धमाकों से दहशत अमेरिकी हमले की अटकलें तेज

वेनेजुएला (काराकास):- वेनेजुएला की राजधानी काराकास में अचानक हुए जोरदार धमाकों से पूरे शहर में दहशत फैल गई। देर रात कई इलाकों में विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दीं जिसके तुरंत बाद आसमान में तेज रफ्तार फाइटर जेट की गूंज महसूस की गई। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर घटनाओं के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे जिनमें आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाज और लोगों की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है।

घटनाओं के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह किसी विदेशी हमले का संकेत है। खास तौर पर अमेरिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं क्योंकि दोनों देशों के रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। हालांकि अब तक वेनेजुएला सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है जिससे स्थिति और भी रहस्यमय बन गई है। रक्षा मंत्रालय और राष्ट्रपति कार्यालय की चुप्पी ने जनता की चिंता को और बढ़ा दिया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धमाकों के समय कुछ सैन्य गतिविधियां भी देखी गईं। कुछ लोगों का कहना है कि यह एक सैन्य अभ्यास हो सकता है जबकि अन्य इसे सुरक्षा व्यवस्था में किसी बड़ी घटना से जोड़कर देख रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आती तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

काराकास के कई स्कूल और दफ्तर एहतियातन बंद कर दिए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ा दी गई है। अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना पर नजर रखी जा रही है। लैटिन अमेरिका के कई देशों ने स्थिति पर चिंता जताई है। आने वाले घंटों में सरकार की प्रतिक्रिया और आधिकारिक जानकारी से यह स्पष्ट हो पाएगा कि काराकास में हुए धमाकों के पीछे असली वजह क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *