Kumbh Mela हरिद्वार:- श्री गंगा सभा ने 2027 में होने वाले अर्धकुंभ से पहले कुंभ क्षेत्र को गैर हिंदू प्रवेश निषेध क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि नगर निगम के नियमों के अनुसार, हरिद्वार नगर क्षेत्र को गैर हिंदू और मांस-मदिरा निषेध क्षेत्र घोषित किया गया और सरकार को इन नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए ताकि तीर्थ स्थल की पवित्रता बनाए रखी जा सके।
गौतम ने आरोप लगाया कि गैर हिंदू बैरागी कैंप और अन्य स्थानों पर अपनी पहचान छिपाकर रह रहे हैं, और सरकार को ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें हरिद्वार से हटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाना आवश्यक है ताकि तीर्थ स्थल की पवित्रता बनाए रखी जा सके। उत्तराखंड सरकार हरिद्वार और ऋषिकेश को पवित्र सनातन नगरी घोषित करने की तैयारी में है जिससे 105 गंगा घाटों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लग जाएगा। यह देश में पहली बार होगा जब किसी तीर्थ नगरी में घाट-स्तर पर एक समान धार्मिक नियम लागू किए जाएंगे।