Prison Audit जौनपुर:-जिला कारागार का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मा० जनपद न्यायाधीश श्री सुशील कुमार शशि, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को दी जा रही सुविधाओं तथा जेल परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का सघन अवलोकन किया और बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान भोजनालय (मेस) का निरीक्षण किया गया और भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की जांच की गई। जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को समय पर पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन सुनिश्चित कराया जाए। चिकित्सा सुविधा के संबंध में भी जानकारी ली गई और जेल चिकित्सक को बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता एवं सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी का निरीक्षण किया गया। जेल परिसर में किसी भी प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को रोकने हेतु सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को जेल मैनुअल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शहरी आयुष श्रीवास्तव, जेल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को सभी अनुमन्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।