रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से हुआ भीषण हादसा, मैजिक चालक गंभीर घायल

जौनपुर। गोराबादशाहपुर–आजमगढ़ हाईवे पर केशवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रात करीब आठ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण सड़क पर वाहनों की कतार लगी थी। इसी दौरान ट्रक के पीछे खड़ी एक मैजिक वाहन को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक आगे खड़े ट्रक से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में मैजिक चालक दिलीप कुमार, निवासी हमाम दरवाजा, शहर जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल चालक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घायल चालक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

वहीं, टक्कर मारने वाला ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *