गरीबों के लिए उम्मीद की नई रोशनी बने खान सर का अस्पताल

पटना (बिहार):- बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले खान सर ने अब स्वास्थ्य सेवा की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। पटना में उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक अस्पताल की शुरुआत की है, जहां बेहद कम खर्च में जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अस्पताल का मकसद मुनाफा नहीं बल्कि सेवा है और यही बात इसे खास बनाती है।

 

खान सर के अस्पताल में एक्सरे जांच मात्र 35 रुपए में की जा रही है, जबकि किडनी से जुड़ी जरूरी जांच सिर्फ 20 रुपए में उपलब्ध है। आमतौर पर निजी अस्पतालों में यही जांच सैकड़ों या हजारों रुपए में होती है, लेकिन यहां गरीब मरीजों को राहत देने की पूरी कोशिश की गई है। इसके साथ ही अस्पताल में ब्लड बैंक की भी शुरुआत कर दी गई है, ताकि जरूरत के समय किसी की जान पैसों की कमी के कारण न जाए।

 

अस्पताल में साफ सफाई पर खास ध्यान दिया गया है और आधुनिक मशीनों की मदद से जांच की जा रही है। खान सर का कहना है कि देश में लाखों लोग सिर्फ इसलिए इलाज नहीं करा पाते क्योंकि उनके पास पैसे नहीं होते। ऐसे लोगों के लिए यह अस्पताल एक सहारा बनेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे चलकर और जांच सुविधाएं तथा इलाज की सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी।

 

स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच खान सर के इस कदम की जमकर तारीफ हो रही है। लोग उन्हें सिर्फ एक शिक्षक नहीं बल्कि समाजसेवी भी बता रहे हैं। छात्रों को पढ़ाने के बाद अब बीमार और गरीब लोगों की सेवा करना उनके जीवन का अगला उद्देश्य बन गया है।

 

बिहार में खुले इस अस्पताल को लेकर उम्मीद की जा रही है कि यह मॉडल दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। खान सर का यह प्रयास साबित करता है कि अगर सोच सही हो तो शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों के जरिए समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *