मुंबई (महाराष्ट्र):- दिसंबर 2025 में भारतीय हैचबैक कार बाजार ने शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। नवंबर 2025 की तुलना में बिक्री में 11.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है। सबसे बड़ी बात यह रही कि इस पूरे सेगमेंट में मारुति सुजुकी का एकतरफा दबदबा साफ नजर आया। बाजार में मौजूद 16 हैचबैक कारों में से 8 मॉडल मारुति के रहे और इन सभी ने मिलकर 81.3 प्रतिशत का जबरदस्त मार्केट शेयर अपने नाम कर लिया।
इस ग्रोथ की सबसे बड़ी वजह मारुति बलेनो और स्विफ्ट रहीं। दिसंबर 2025 में बलेनो देश की नंबर एक हैचबैक कार बन गई। इसकी कुल 22,108 यूनिट्स बिकीं जो सालाना आधार पर 142 प्रतिशत की रिकॉर्ड ग्रोथ है। इतना ही नहीं महीने दर महीने बिक्री में भी 60 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। बलेनो की मजबूत डिजाइन भरोसेमंद इंजन और बेहतर फीचर्स ने ग्राहकों को खूब आकर्षित किया।
मारुति स्विफ्ट ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 18,767 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रही। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 80 प्रतिशत ज्यादा है हालांकि नवंबर के मुकाबले इसमें हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई। इसके बावजूद स्विफ्ट की लोकप्रियता बरकरार रही।
वहीं वैगनआर और ऑल्टो ने स्थिर मांग का संकेत दिया। वैगनआर की 14,575 यूनिट्स बिकीं जबकि ऑल्टो ने 10,829 यूनिट्स की बिक्री के साथ एंट्री लेवल सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
टोयोटा ग्लैंजा की 6,451 यूनिट्स बिकीं और इसमें अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। टाटा टियागो और टियागो ईवी ने 5,826 यूनिट्स के साथ संतुलित प्रदर्शन किया जबकि टाटा अल्ट्रोज ने सालाना आधार पर 50 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की।
इस पूरे परिदृश्य में हुंडई को बड़ा झटका लगा। उसकी हैचबैक कारों की बिक्री उम्मीद से कमजोर रही और बाजार हिस्सेदारी में गिरावट दर्ज की गई। कुल मिलाकर दिसंबर 2025 के आंकड़ों ने साफ कर दिया कि हैचबैक सेगमेंट में मारुति सुजुकी की पकड़ अभी भी सबसे मजबूत बनी हुई है।