झारखंड में नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की नई परीक्षा

रांची (झारखंड):- झारखंड में शहरी लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य के अड़तालीस नगर निकायों में चुनाव की घोषणा हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने राजधानी रांची में जानकारी देते हुए बताया कि तेईस फरवरी को मतदान कराया जाएगा जबकि सत्ताईस फरवरी को मतगणना होगी। यह चुनाव गैर दलीय आधार पर कराए जाएंगे जिससे स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

इन नगर निकाय चुनावों को लेकर राज्य भर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। भले ही चुनाव गैर दलीय हों लेकिन विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय समूहों की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। शहरी मतदाता इस बार सड़क पानी सफाई बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों पर उम्मीदवारों से जवाब मांगते नजर आ रहे हैं।

 

राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

 

झारखंड के शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय चुनावों का विशेष महत्व है क्योंकि इन्हीं संस्थाओं के माध्यम से शहरों का विकास तय होता है। नगर निगम नगर परिषद और नगर पंचायतों की भूमिका नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में अहम होती है। ऐसे में जनता को ऐसे प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा जो ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर सकें।

मतगणना के बाद सामने आने वाले परिणाम यह तय करेंगे कि आने वाले समय में शहरी प्रशासन किस दिशा में आगे बढ़ेगा। कुल मिलाकर यह चुनाव झारखंड में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *