UGC के नए नियमों पर उठे गंभीर सवाल, जानिए इस नियम के मुख्य बिंदु दस्तक हिंदुस्तान की इस पोस्ट के साथ……..

नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के हालिया दिशा-निर्देशों को लेकर शिक्षाविदों, छात्रों और सामाजिक चिंतकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। आलोचकों का कहना है कि इन नियमों की मंशा और प्रभाव दोनों ही कॉलेज परिसरों की मूल आत्मा के खिलाफ जाते हैं। कैंपस, जो विचारों के आदान-प्रदान और स्वतंत्र अभिव्यक्ति का केंद्र होता है, उसे संभावित रूप से एक “एक्टिव क्राइम सीन” में बदला जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार गैर-हिंसक कथित अपराधों में भी पुलिस की सीधी दखल से छात्रों में भय का माहौल बनेगा। जहाँ अब तक कॉलेज प्रशासन स्तर पर निलंबन जैसी अकादमिक कार्रवाई होती थी, वहाँ अब आपराधिक प्रक्रिया थोपे जाने की आशंका जताई जा रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि भेदभावपूर्ण टिप्पणी को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखते समय चयनात्मक संवेदनशीलता क्यों दिखाई जा रही है।

 

छात्र संगठनों का तर्क है कि कॉलेज जीवन स्कूली अनुशासन से निकलकर आत्म-अभिव्यक्ति का पहला मुक्त अवसर देता है। नए नियम व्यंग्य, बहस और आलोचना जैसी अकादमिक संस्कृति को सीमित कर सकते हैं। इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि यह व्यवस्था जातिवादी राजनीति करने वाले संगठनों के लिए झूठे मामलों का हथियार बन सकती है।

आँकड़ों का हवाला देते हुए आलोचक कहते हैं कि सामाजिक न्याय मंत्रालय के सर्वे के अनुसार SC/ST एक्ट में कनविक्शन दर केवल 8 प्रतिशत है। 2200 से अधिक कॉलेजों में पूरे वर्ष में महज 378 जातिगत भेदभाव के मामले सामने आए। ऐसे में प्रश्न उठता है कि क्या समस्या वास्तव में इतनी व्यापक है कि कठोर नियमों की आवश्यकता पड़े।

 

एक और अहम मुद्दा फर्जी मामलों का है। यदि किसी छात्र पर झूठा आरोप लगता है और उसका अकादमिक भविष्य प्रभावित होता है तो जवाबदेही किसकी होगी। कैंपस में मानसिक दबाव और भविष्य की चिंता के कारण होने वाली आत्महत्याओं की संख्या पहले ही चिंता का विषय है।

मांग की जा रही है कि इन नियमों की व्यापक समीक्षा हो। पुलिस की भूमिका केवल गंभीर हिंसक मामलों तक सीमित रहे, सभी जातियों को समान सुरक्षा मिले और फर्जी मामलों में सख्त दंड का प्रावधान किया जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि कैंपस मित्रता, विमर्श और दीर्घकालिक सामाजिक समरसता का स्थल होना चाहिए, न कि हेड-हंटिंग और अल्पकालिक राजनीति का।

UGC के नए नियमों पर उठे गंभीर सवाल

1. कैंपस में पुलिस दखल का खतरा

UGC नियमों के तहत पुलिस की भागीदारी कॉलेज परिसरों को भय के वातावरण में बदल सकती है।
जहाँ पहले गैर-हिंसक मामलों में प्रशासनिक निलंबन पर्याप्त होता था,
वहीं अब पूरे कैंपस को एक संभावित अपराध स्थल की तरह देखने की मानसिकता बन रही है।

2. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार

कॉलेज जीवन छात्रों के लिए पहला स्वतंत्र मंच होता है,
जहाँ वे व्यंग्य, आलोचना और वैचारिक बहस के माध्यम से स्वयं को व्यक्त करते हैं।
नए नियम इस स्वाभाविक प्रक्रिया को सीमित कर देते हैं।

3. झूठे मामलों की आशंका

यह नियम जातिवादी छात्र संगठनों के लिए
द्वेष आधारित शिकायतों और फर्जी मामलों का जरिया बन सकता है।
निशानदेही के आधार पर छात्रों को जेल तक भेजे जाने का डर वास्तविक है।

4. आँकड़े नियमों की आवश्यकता पर सवाल उठाते हैं

सामाजिक न्याय मंत्रालय के अनुसार SC/ST एक्ट में औसत सजा दर मात्र 8 प्रतिशत है।
2200 से अधिक कॉलेजों में पूरे वर्ष में केवल 378 जातिगत भेदभाव के मामले सामने आए।
ऐसे में सवाल है कि क्या समस्या वाकई इतनी व्यापक है।

5. चयनात्मक संवेदनशीलता का आरोप

पिछले वर्षों में ब्राह्मण और सवर्ण समुदायों के खिलाफ
कैंपस और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ आम रही हैं।
फिर भी नियमों में सभी समुदायों की समान सुरक्षा को स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया।

6. फर्जी मामलों में जवाबदेही का अभाव

यदि कोई छात्र झूठे आरोप में फँसकर अपना अकादमिक समय और मानसिक संतुलन खो देता है,
तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
फर्जी केस में दंड और मुआवज़े का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *