केकराही करमा बूथ का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर दिया ज़ोर

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश):- सोनभद्र जनपद में मतदाता सूची विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी बी एन सिंह ने 30 जनवरी 2026 को उच्च प्राथमिक विद्यालय केकराही करमा स्थित मतदान बूथ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ पर जमा किए जा रहे फार्म 6 की स्थिति की गहन समीक्षा की और संबंधित बीएलओ व सुपरवाइजर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि फार्म 6 के साथ घोषणा पत्र अनुलग्नक 4 अनिवार्य रूप से लिया जाए। उन्होंने बताया कि कुछ बूथों पर यह कमी सामने आई है जहां फार्म 6 के साथ आवश्यक घोषणा पत्र नहीं लिया जा रहा है। इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन के साथ मतदाता से वैध दस्तावेज अवश्य लिए जाएं जिनमें पूरा पता फोटो और मोबाइल नंबर शामिल हों।

 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्वाचन कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया और विशेष अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की संख्या की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कोई भी पात्र मतदाता नाम दर्ज होने से वंचित न रहे इसके लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए ताकि वे फार्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। सभी आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से किया जाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 31 जनवरी 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है वे इस विशेष अभियान तिथि पर फार्म 6 भरकर अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। यह सूचना जिला सूचना कार्यालय सोनभद्र द्वारा जनहित में प्रसारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *