मडियाहूं के विद्यालयों में मिशन शक्तिपेटिका से छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित मंच

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के मडियाहूं क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की जा रही है। क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों में मिशन शक्तिपेटिका स्थापित की जा रही है जिसका उद्देश्य छात्राओं को उनकी समस्याएं और शिकायतें गोपनीय रूप से दर्ज कराने का सुरक्षित माध्यम उपलब्ध कराना है। यह कदम छात्राओं के मन से डर और संकोच को दूर करने में अहम भूमिका निभाएगा।

 

अक्सर देखा जाता है कि छात्राएं किसी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में सीधे थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने में हिचक महसूस करती हैं। सामाजिक दबाव पारिवारिक भय और बदनामी की चिंता के कारण वे अपनी बात मन में ही दबा लेती हैं। मिशन शक्तिपेटिका इसी समस्या के समाधान के रूप में सामने आई है जिससे छात्राएं बिना किसी भय के अपनी शिकायत लिखकर विद्यालय परिसर में रखी गई पेटिका में डाल सकेंगी।

 

मडियाहूं कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय में यह पेटिका अनिवार्य रूप से स्थापित की जाएगी। पुलिस द्वारा प्रत्येक दो दिन में पेटिका खोली जाएगी और उसमें प्राप्त शिकायत पत्रों को गंभीरता से पढ़ा जाएगा। शिकायत की प्रकृति के अनुसार त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि पीड़ित छात्राओं को न्याय मिल सके।

 

इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रख सकेंगी। विद्यालय प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा जिससे शैक्षणिक संस्थान अधिक सुरक्षित बन सकेंगे। मिशन शक्तिपेटिका केवल एक पेटिका नहीं बल्कि छात्राओं के सम्मान सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा का सशक्त माध्यम है। यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देगा कि बेटियां सुरक्षित हैं और उनकी आवाज सुनी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *