जौनपुर में तीन तलाक के मामले लगातार बढ़ते आंकड़े चिंताजनक

जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर उत्तर प्रदेश में तीन तलाक की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते तीन वर्षों के आंकड़े सामने आए हैं जो समाज और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। वर्ष 2023 से 2025 के बीच जिले में कुल 48 मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक की शिकार हुई हैं। राहत की बात यह है कि अधिकांश महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए कानूनी रास्ता अपनाया है और संबंधित मामलों में केस दर्ज कराए गए हैं जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

 

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में जिले में 9 मामले दर्ज हुए। इसके बाद वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 21 हो गई। वर्ष 2025 में अब तक 18 तीन तलाक के मामले सामने आ चुके हैं। यह बढ़ोतरी साफ संकेत देती है कि कानूनी प्रतिबंधों के बावजूद यह कुप्रथा पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाई है।

 

थाना क्षेत्रों के अनुसार शहर कोतवाली सबसे अधिक प्रभावित रही है जहां पिछले तीन वर्षों में 14 मामले दर्ज किए गए। शाहगंज कोतवाली दूसरे स्थान पर रही जहां 13 महिलाओं को तीन तलाक का सामना करना पड़ा। तीसरे स्थान पर लाइन बाजार थाना क्षेत्र है जहां चार मुस्लिम महिलाओं को उनके शौहर ने तीन तलाक दिया। इसके अलावा केराकत और सरायख्वाजा थाना क्षेत्रों में तीन तीन मामले दर्ज हुए हैं। खेतासराय और सरपतहा में दो दो घटनाएं सामने आई हैं। वहीं चंदवक गौराबादशाहपुर और जलालपुर थाना क्षेत्रों में एक एक मामला दर्ज किया गया है।

 

जिला प्रशासन ने इन मामलों को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र ने स्पष्ट किया है कि तीन तलाक के किसी भी मामले में लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जैसे ही शिकायत प्राप्त होती है तत्काल केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि कानून का सख्ती से पालन कर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

यह स्थिति समाज में जागरूकता बढ़ाने और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत को रेखांकित करती है। जब तक सामाजिक सोच में बदलाव नहीं आएगा तब तक केवल कानून से इस समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *