दिल्ली एयरपोर्ट के T3 में बड़ा बदलाव पीयर सी अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए होगा इस्तेमाल

नई दिल्ली :- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टर्मिनल 3 में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन ने फैसला लिया है कि टी3 के पीयर सी का उपयोग अब घरेलू उड़ानों की बजाय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए किया जाएगा। यह कदम अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को संभालने के उद्देश्य से उठाया गया है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव के बाद टर्मिनल 3 की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में करीब पचास प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। फिलहाल जहां टी3 से सालाना लगभग दो करोड़ अंतरराष्ट्रीय यात्री सफर करते हैं वहीं पीयर सी के अंतरराष्ट्रीय उपयोग में आने के बाद यह संख्या बढ़कर करीब तीन करोड़ सालाना तक पहुंच जाएगी।

पीयर सी को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसमें इमिग्रेशन काउंटर सुरक्षा जांच ड्यूटी फ्री शॉप्स और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। इस बदलाव से न केवल भीड़ कम होगी बल्कि उड़ानों के संचालन में भी अधिक सुविधा होगी।

दिल्ली एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है और यहां से हर दिन बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं। यात्रियों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार और पुनर्गठन जरूरी हो गया था।

इस फैसले को एयरपोर्ट के दीर्घकालिक विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और भी बदलाव किए जा सकते हैं। पीयर सी के अंतरराष्ट्रीय उपयोग में आने से दिल्ली एयरपोर्ट की वैश्विक कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *