2027 तक सोना चांदी बन सकते हैं सबसे ताकतवर निवेश

नई दिल्ली :- दुनिया की बदलती आर्थिक और राजनीतिक तस्वीर आने वाले वर्षों में कीमती धातुओं को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। बीएमओ कैपिटल मार्केट्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक साल 2027 तक सोने और चांदी की कीमतें ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक अनिश्चितता और वित्तीय ढांचे में आ रहे बदलाव निवेशकों को सुरक्षित विकल्पों की ओर तेजी से आकर्षित कर रहे हैं।

 

रिपोर्ट के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 8650 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है। वहीं चांदी की कीमत 220 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने का अनुमान है। अगर इन आंकड़ों को भारतीय मुद्रा में देखें तो तस्वीर और भी चौंकाने वाली है। अनुमान है कि 2027 की चौथी तिमाही तक 10 ग्राम सोने का भाव 2.83 लाख से 3 लाख रुपये के बीच हो सकता है। चांदी की कीमत 7.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

 

इस भारी उछाल के पीछे कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं। कमोडिटी विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक भू राजनीतिक तनाव और वित्तीय अस्थिरता ने निवेशकों की सोच बदल दी है। अमेरिका से जुड़े बाजारों में कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं जिसे रिपोर्ट में सेल अमेरिका ट्रेड कहा गया है। डॉलर और बॉन्ड मार्केट पर दबाव बढ़ने से निवेशकों का भरोसा कागजी मुद्रा से धीरे धीरे कम हो रहा है।

 

सरकारी वित्तीय संतुलन पर बढ़ता बोझ भी चिंता का विषय बन गया है। ऐसे माहौल में लोग अपनी पूंजी को सुरक्षित रखने के लिए सेफ हेवन माने जाने वाले सोने और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। जापान के बॉन्ड बाजार में बिकवाली और येन में उतार चढ़ाव ने भी इस रुझान को और मजबूत किया है।

रिपोर्ट में खास तौर पर चांदी की ताकत पर जोर दिया गया है। लंबे समय तक नजरअंदाज की जाने वाली चांदी अब सोने से भी तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है। इसका असर गोल्ड सिल्वर रेशियो पर पड़ा है जो 50 के नीचे आ चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में चांदी सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है और निवेशकों के लिए बड़ा मौका साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *