अनुराग कश्यप की डार्क थ्रिलर केनेडी का ट्रेलर रिलीज राहुल भट्ट के किरदार ने बढ़ाया रोमांच

मुंबई (महाराष्ट्र):- फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर अपनी अलग और बेबाक सिनेमाई दुनिया के साथ दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं। उनकी बहुचर्चित फिल्म केनेडी का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना बटोरने के बाद अब यह फिल्म भारतीय दर्शकों के लिए भी तैयार है।

 

ट्रेलर में राहुल भट्ट एक सनकी और खतरनाक हत्यारे उदय शेट्टी के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका यह किरदार दिन में एक सामान्य टैक्सी ड्राइवर की जिंदगी जीता है जबकि रात में वह एक कमिश्नर के लिए खून खराबे का काम करता है। राहुल भट्ट का लुक और उनकी बॉडी लैंग्वेज किरदार की मानसिक उथल पुथल को बखूबी दर्शाती है। ट्रेलर में उनका अभिनय काफी प्रभावशाली नजर आता है और यह साफ संकेत देता है कि यह उनके करियर का एक अलग और चुनौतीपूर्ण रोल है।

 

अनुराग कश्यप की पहचान हमेशा से रॉ और डार्क सिनेमा के लिए रही है और केनेडी उसी परंपरा को आगे बढ़ाती दिखाई दे रही है। ट्रेलर में अंधेरी गलियां सन्नाटा तनाव और अपराध की दुनिया को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी कहानी के माहौल को और गहरा बनाती है।

 

फिल्म में सनी लियोनी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ट्रेलर में उनकी झलक ने दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि उनका किरदार कहानी में एक अहम मोड़ लाने वाला है। दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री और उनके किरदारों की परतें फिल्म को और दिलचस्प बनाती हैं।

 

केनेडी सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं बल्कि इंसानी मनोविज्ञान और अंधेरे सच को दिखाने की कोशिश लगती है। अनुराग कश्यप की यह फिल्म उन दर्शकों को खास पसंद आ सकती है जो अलग तरह का सिनेमा देखना चाहते हैं। ट्रेलर ने यह साफ कर दिया है कि केनेडी रिलीज के बाद काफी चर्चा बटोरने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *