भारत की पहली म्यूजिकल रोड पर बजा ‘जय हो’ अब ड्राइव भी होगा संगीतभरा अनुभव

मुंबई (महाराष्ट्र):- मुंबई में एक अनोखा और दिलचस्प प्रयोग शुरू हो गया है जहाँ अब सड़कें सिर्फ सफर का जरिया नहीं बल्कि संगीत का स्रोत भी बन गई हैं। मुंबई की कोस्टल रोड पर देश की पहली म्यूजिकल रोड यानी मेलोडी रोड का निर्माण किया गया है जहाँ गाड़ी चलाते समय फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के प्रसिद्ध गीत ‘जय हो’ की धुन सुनाई देती है। यह प्रयोग बीएमसी और राज्य सरकार की पहल पर बनाया गया है और इसे 11 फरवरी 2026 को उद्घाटन मिला है।

यह म्यूजिकल रोड छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड के नॉर्थबाउंड हिस्से पर स्थित है, जो नरीमन प्वाइंट से वर्ली की ओर जाता है। करीब 500 मीटर के स्ट्रेच में इस तरह के विशेष खांचे और रंबल स्ट्रिप्स लगाए गए हैं। जब वाहन लगभग 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से इस हिस्से से गुजरता है तो टायर और सड़क की सतह के बीच घर्षण से पैदा हुई कंपन ध्वनि “जय हो” के स्वर में बदल जाती है जो कार के अंदर बैठे यात्रियों तक साफ सुनाई देती है।

 

यह अनोखा प्रयोग जापान में 2007 में शुरू हुए मेलोडी रोड कॉन्सेप्ट से प्रेरित है, जिसे बाद में दक्षिण कोरिया हंगरी और यूएई जैसे देशों ने भी अपनाया। मुंबई अब उन देशों की सूची में शामिल हुआ है जहाँ सड़कें संगीत भी ‘बजाती’ हैं। इस तकनीक का मकसद केवल मनोरंजन ही नहीं है बल्कि यह ड्राइवरों को निर्धारित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना भी है ताकि सड़क सुरक्षा बढ़ सके।

इस म्यूजिकल रोड का अनुभव खासतौर पर उन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है जो ड्राइविंग के दौरान कुछ नया और मनोरंजक अनुभव करना चाहते हैं। मुंबई का यह कदम शहर की रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नया आयाम देने जैसा है जो तकनीक संस्कृति और ड्राइविंग अनुभव को जोड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *