जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस विभाग के दो सिपाहियों पर कार्रवाई की गई है। सशस्त्र पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी धनंजय बिंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी आरक्षी अखिलेश यादव की तलाश जारी है। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आरोप सामने आने के बाद दोनों सिपाहियों को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, जिससे उनकी नौकरी पर संकट गहराता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि 7 फरवरी को लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे के पास स्थित एक मोबाइल और एक्सेसरीज़ की दुकान पर दोनों पहुंचे थे। आरोप है कि वहां नए मोबाइल की अदला बदली करते समय एक सिपाही सीसीटीवी में संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिया। पीड़ित दुकानदार ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
मुख्य आरोपी धनंजय बिंद, जो चंदौली का निवासी बताया गया है, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।