Health Department पलवल:- हरियाणा के पलवल जिले के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस बी के कारण 4 मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात की गई है। इस गांव में पिछले 15 दिनों में 12 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 5 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लोगों की स्क्रीनिंग और जांच के लिए ब्लड नमूने ले रही है। विभाग ने अभी तक 400 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की है और 18 मरीजों का इलाज शुरू किया है। गांव में पानी के सैंपल भी लिए गए हैं, जिनमें से 31 सैंपल फेल हो गए हैं। इन घरों के पानी में क्लोरीन की कमी मिली है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव में हेपेटाइटिस बी और सी के मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि गांव में पानी की आपूर्ति में अवैध कनेक्शन काट दिए गए हैं और पानी में क्लोरीन मिलाकर आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगातार हो रही मौतों से दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि गांव में कई लोगों को बुखार, खांसी, बदन दर्द और उल्टी जैसे लक्षण हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में ही डेरा डाले हुए है और लोगों की जांच और इलाज कर रही है। विभाग ने गांव में टीकाकरण अभियान भी शुरू किया है।