IND VS PK दिल्ली:- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑल आउट हो गई। इशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने अपनी पारी से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से साइम अयूब ने 3 विकेट लिए।
जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने 13 रन पर 3 विकेट खो दिए। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने 44 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से बुमराह, पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए। जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत का रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। भारत ने इस टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की है और वह ग्रुप ए में शीर्ष पर है।
सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, “यह जीत भारत के लिए है। हमने जिस तरह की क्रिकेट खेलनी चाही, वैसा ही खेला। इशान ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, वह शानदार था।” पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा, “हमने अच्छी शुरुआत नहीं की। हमारे बल्लेबाजों ने दबाव में आकर गलतियां की। हमें अपनी गलतियों से सीखना होगा और आगे बढ़ना होगा।”