अंबाला :- हरियाणा के अंबाला में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू के आरएसपुरा जुवेनाइल होम से फरार हुए तीन आरोपियों में से दो पाकिस्तानी नागरिकों को संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी अंबाला रेलवे स्टेशन पर की गई जहां दोनों संदिग्ध छिपकर आगे भागने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सनुला और अहसान अनवर के रूप में हुई है। कार्रवाई हरियाणा एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर की। पूछताछ के बाद दोनों को आगे की जांच के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपी कुछ समय पहले आरएसपुरा स्थित जुवेनाइल होम से फरार हो गए थे जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर विभिन्न राज्यों में तलाशी अभियान शुरू किया था। गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान उन्हें किसने मदद पहुंचाई और उनका अगला ठिकाना क्या था।
हालांकि इस पूरे मामले का कथित मास्टरमाइंड अभी भी फरार बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है ताकि किसी भी तरह की साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।