Rupee rises मुंबई:- शुरुआती कारोबार में रुपया 5 पैसे मजबूत होकर 90.67 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से रुपये को समर्थन मिला है। हालांकि मजबूत डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी ने रुपये की बढ़त को सीमित कर दिया फोरेक्स ट्रेडर्स ने कहा।
इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.60 पर खुला, लेकिन कुछ गिरावट के बाद 90.67 रुपये प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद से 5 पैसे अधिक है। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के हेड ऑफ ट्रेजरी और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “आरबीआई ने 90.78 पर डॉलर बेचे, जिससे रुपया सोमवार के बंद के पास बना रहा, जबकि मंगलवार को एफआईआई ने इक्विटी में खरीदारी की” भंसाली ने कहा “आज रुपया 90.40-80 के दायरे में कारोबार कर सकता है”। डॉलर इंडेक्स, जो डॉलर की ताकत को मापता है 0.10% बढ़कर 97.24 पर था। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.36% गिरकर 68.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 77.56 अंक गिरकर 83,373.40 पर था जबकि निफ्टी 26.25 अंक गिरकर 25,699.15 पर था।