Congress dig नई दिल्ली: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के विकास में उनके योगदान को लेकर तंज कसा है। कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, “हम सबको वह सहपाठी याद है जो समूह परियोजना में कोई काम नहीं करता, लेकिन सारा क्रेडिट लेने आता है। वह नरेंद्र मोदी हैं।”
खेड़ा ने कहा कि यूपीआई की शुरुआत 2012-2013 में हुई थी जब नंदन नीलेकणि यूआईडीएआई के अध्यक्ष थे। उन्होंने कहा, “इमिडिएट पेमेंट सर्विस, जिसे नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने 2010 में विकसित किया था, ने तकनीकी आधार तैयार किया। एनपीसीआई ने 2013-2014 में यूपीआई की कोर आर्किटेक्चर डिजाइन करना शुरू किया।” कांग्रेस नेता ने कहा, “मोदी जी को नई सोचने की क्षमता नहीं है इसलिए वे सिर्फ उद्घाटन करते हैं बकबक करते है कांग्रेस को गाली देते हैं और क्रेडिट चोरी करते हैं।”
यह बयान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान यूपीआई की प्रशंसा के बाद आया है। मैक्रों ने कहा था, “यह सिर्फ एक तकनीकी कहानी नहीं है, यह एक सभ्यता की कहानी है। भारत ने ऐसा कुछ बनाया है जो दुनिया का कोई देश नहीं कर पाया है – 1.4 अरब लोगों के लिए डिजिटल पहचान और एक भुगतान प्रणाली जो हर महीने 20 अरब ट्रांजैक्शन प्रोसेस करती है।” मोदी ने गुरुवार को कहा था कि यूपीआई ने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को आसान बनाया है और डिजिटल विभाजन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस का कहना है कि यूपीआई की शुरुआत यूपीए सरकार के दौरान हुई थी और मोदी सिर्फ इसका क्रेडिट ले रहे हैं।