जबलपुर: दुर्गा मंदिर की रेलिंग टूटने से दो पक्षों में मारपीट, एक ही समय हो रही थी आरती और नमाज; तभी हुआ बवाल

जबलपुर (मध्यप्रदेश):- जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात करीब नौ बजे आपसी विवाद के बाद दो पक्ष भिड़ गए। धार्मिक स्थल के बाहर लगी रेलिंग टूटने से लोग आक्रोशित हो गए। इससे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। जिले की सिहोरा तहसील में धार्मिक स्थल के बाहर रेलिंग टूटने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है जब एक ही समय पर पूजा और नमाज के दौरान अचानक कहासुनी शुरू हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलिंग टूटने की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। कुछ समय के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

मध्य प्रदेश पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने दोनों समुदायों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी लोगों से संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *