AI समिट में हंगामा: बिहार के दो और यूपी का एक कांग्रेस कार्यकर्ता चिन्हित

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए हंगामे में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें बिहार के दो और उत्तर प्रदेश का एक कार्यकर्ता शामिल बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया और अंदर पहुंचने के बाद अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने स्वेटर उतारकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मामले पर कार्रवाई करते हुए  देवेश कुमार डीसीपी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रदर्शनकारी किस तरह सुरक्षा घेरा पार कर अंदर पहुंचे। वहीं, घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

एआई इम्पैक्ट समिट में देश-विदेश के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल थे, ऐसे में इस तरह की घटना को लेकर सुरक्षा प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में प्रवेश प्रक्रिया और निगरानी को और सख्त किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *