जौनपुर जेल में बंद युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का लगाया आरोप जांच की मांग तेज

 जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिला कारागार में निरुद्ध चोरी के आरोपी युवक की शुक्रवार रात जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस पर पिटाई का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान सरपतहां थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी 24 वर्षीय अजीत कुमार पुत्र बनवारी लाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव की एक युवती ने आरोप लगाया था कि 14 फरवरी को अजीत कुमार घर में घुसा और चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने 15 फरवरी की रात उसे घर से हिरासत में लिया।

परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिस ने अजीत कुमार के साथ मारपीट की थी। मृतक के पिता बनवारी लाल का कहना है कि जब वे थाने पहुंचे तो अजीत ने खुद पिटाई की बात बताई थी। पुलिस ने 19 फरवरी को उसे चालान कर जेल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को जेल के अंदर ही अजीत कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई जिसके बाद जेल प्रशासन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने थाने के माध्यम से परिजनों को सूचना दी।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रात में ही अस्पताल पहुंच गए। मृतक की शादी हो चुकी थी हालांकि पत्नी उसके साथ नहीं रहती थी। वह मोटर बाइक मिस्त्री का काम करता था और करीब एक साल पहले लकवे का शिकार भी हुआ था।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और प्रशासन की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *