जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को दावे व आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जौनपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद ने विधानसभा क्षेत्र 366 के अंतर्गत तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज और मुक्तेश्वर प्रसाद इंटर कॉलेज स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित एईआरओ भी मौजूद रहे और बूथों पर चल रही प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ संख्या 493 403 497 सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ से लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी हियरिंग प्रतिशत अनमैप्ड डाटा तथा फॉर्म छह की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है तथा नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म छह सक्रिय रूप से लिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया गया। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ और सहयोगी अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि अभियान अवधि में शत प्रतिशत दावे और आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें।