नीरजा मोदी स्कूल को मिली सीबीएसई से आंशिक राहत

 

नई दिल्ली :- आज CBSE ने जयपुर के प्रतिष्ठित नीरजा मोदी स्कूल के बारे में एक नया आदेश जारी किया है जिससे स्कूल को थोड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ महीनों से यह मामला सुर्खियों में था क्योंकि दिसंबर 2025 में बोर्ड ने स्कूल की मान्यता को रद्द कर दिया था और इससे वहां पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा था।

सीबीएसई के ताज़ा आदेश के मुताबिक अब स्कूल की कक्षा 9 और 10 की मान्यता को फिर से बहाल कर दिया गया है। इससे इन कक्षाओं में पढ़ रहे छात्र बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई आगे जारी रख सकेंगे। यह राहत उनके लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है जो बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं और स्कूल बदलने का तनाव नहीं सहना चाहते।

हालांकि इस राहत के साथ ही बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 11 और 12 की मान्यता अगले दो शैक्षणिक सत्रों के लिए रद्द ही रहेगी। इसका मतलब यह है कि स्कूल इस अवधि में 11वीं और 12वीं में नए विद्यार्थी नहीं लेगा और वर्तमान में इन कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों को भी विशेष निर्देशों के अनुसार ही पढ़ाई जारी रखने की अनुमति दी जाएगी।

सीबीएसई ने यह निर्णय स्कूल के जवाब और मामले की विस्तृत समीक्षा के बाद लिया है। बोर्ड ने कहा है कि मौजूदा छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि उनके शैक्षणिक नुकसान को न्यूनत किया जा सके।

यह फैसला नीरजा मोदी स्कूल के परिवारों और छात्रों के लिए कुछ राहत लेकर आया है लेकिन पूरी स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है क्योंकि वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई को लेकर प्रतिबंध जारी रहेगा। इस फैसले के पीछे शिक्षा मानकों, सुरक्षा व्यवस्था और बोर्ड द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है ताकि आने वाले समय में छात्रों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *