Riyadh Embassy Attack : अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला, जोरदार धमाकों के बाद परिसर में लगी आग

Riyadh Embassy Attack /रियाद:- सऊदी अरब की राजधानी रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर (Diplomatic Quarter) में आज सुबह उस समय दहशत फैल गई जब वहां स्थित अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया गया। रॉयटर्स (Reuters) की रिपोर्ट के अनुसार, दूतावास परिसर में एक के बाद एक दो जोरदार धमाके सुने गए, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई और आसमान में काले धुएं का गुबार देखा गया।

हमले का विवरण और शुरुआती क्षति

सऊदी रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया था। शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस हमले में दूतावास की इमारत को आंशिक नुकसान पहुँचा है। हालांकि, गनीमत यह रही कि हमला सुबह के उस वक्त हुआ जब इमारत खाली थी, जिसके कारण किसी भी जानमाल के नुकसान या किसी कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के घरों की खिड़कियां दहल गईं। एक स्थानीय निवासी ने रॉयटर्स को बताया, “हमने दो बड़े धमाकों की आवाज सुनी और उसके तुरंत बाद डिप्लोमैटिक एरिया से काला धुआं उठता दिखाई दिया।”

सुरक्षा अलर्ट और ‘शेल्टर इन प्लेस’ का आदेश

हमले के तुरंत बाद, सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। रियाद, जेद्दा और धाहरान में रहने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों को ‘शेल्टर इन प्लेस’ (जहां हैं वहीं सुरक्षित रहें) का निर्देश दिया गया है। दूतावास ने अपनी आधिकारिक एडवाइजरी में कहा है: “क्षेत्रीय स्थिति और दूतावास पर हुए हमले को देखते हुए, सभी अमेरिकी नागरिक अगले आदेश तक दूतावास आने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।”

इसके साथ ही अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास गैर-जरूरी यात्रा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

क्षेत्रीय तनाव और ईरान का कनेक्शन?

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर है। रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला ईरान की ओर से की जा रही जवाबी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरानी ठिकानों पर की गई स्ट्राइक के बाद ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी हितों को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। कल ही सऊदी की बड़ी तेल रिफाइनरी ‘अरामको’ पर भी ड्रोन हमला हुआ था।

अमेरिका की प्रतिक्रिया: “जवाब जल्द मिलेगा”

वाशिंगटन में इस हमले को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए इस हमले की निंदा की और चेतावनी भरे लहजे में कहा, “रियाद दूतावास पर हमले और हमारे सैनिकों की शहादत का जवाब क्या होगा, यह आपको बहुत जल्द पता चल जाएगा। सऊदी अरब की सुरक्षा चाक-चौबंद सऊदी एयर डिफेंस सिस्टम ने दावा किया है कि उन्होंने डिप्लोमैटिक क्वार्टर की ओर आ रहे कुल चार ड्रोनों को इंटरसेप्ट किया था, जिनमें से दो को मार गिराया गया, लेकिन दो ड्रोन दूतावास के परिसर और छत से टकराने में सफल रहे। वर्तमान में पूरे डिप्लोमैटिक क्षेत्र को सील कर दिया गया है और सुरक्षा बल जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *