चंद्रग्रहण के दौरान इन्फ्रारेड कैमरे ने खोले चंद्रमा के अनोखे राज

Chandragrahan 2026 :- हाल ही में चंद्रग्रहण के दौरान कनाडा के एक शौकिया खगोलशास्त्री ने इन्फ्रारेड कैमरे की मदद से चंद्रमा की बेहद दुर्लभ तस्वीरें कैद कीं। इन तस्वीरों ने वैज्ञानिकों को चंद्रमा की सतह से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। खास बात यह है कि इन चित्रों में चंद्रमा की सतह पर कई ऐसे “गरम स्थान” दिखाई दिए जो सामान्य कैमरों से नजर नहीं आते।

 

इन्फ्रारेड कैमरा सामान्य रोशनी के बजाय ताप यानी ऊष्मा को पकड़ता है। चंद्रग्रहण के समय जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है तब सूर्य का प्रकाश अचानक बंद हो जाता है। इस दौरान चंद्रमा की सतह के कुछ हिस्से तेजी से ठंडे हो जाते हैं जबकि कुछ चट्टानी क्षेत्र लंबे समय तक गर्म बने रहते हैं। इसी अंतर के कारण इन्फ्रारेड तस्वीरों में कई चमकते हुए “हॉट स्पॉट” दिखाई देते हैं।

 

इन दुर्लभ तस्वीरों में चंद्रमा की सतह पर लगभग 37 ऐसे गर्म स्थान देखे गए जिनमें प्रमुख गड्ढे टाइको प्लेटो और एरिस्टार्कस जैसे बड़े क्रेटर शामिल हैं। ये स्थान इसलिए अलग दिखाई देते हैं क्योंकि यहां चट्टानें ज्यादा ठोस और मोटी होती हैं जो गर्मी को लंबे समय तक संजो कर रखती हैं।

 

वैज्ञानिकों के लिए यह खोज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन्फ्रारेड तस्वीरों के आधार पर चंद्रमा की मिट्टी और चट्टानों के प्रकार का अध्ययन किया जा सकता है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों या रोबोटिक मिशनों के लिए कौन से क्षेत्र सुरक्षित और उपयुक्त हो सकते हैं।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की तस्वीरें चंद्रमा के संभावित लैंडिंग स्थलों की पहचान करने में भी मददगार साबित हो सकती हैं। आने वाले वर्षों में जब अंतरिक्ष एजेंसियां फिर से चंद्रमा पर मानव मिशन भेजने की तैयारी कर रही हैं तब ऐसी जानकारी वैज्ञानिकों के लिए बेहद कीमती साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *