केराकत जौनपुर (यूपी):- नगर के मुख्य मार्गों पर इन दिनों अवैध कब्जों का जाल फैलता जा रहा है जिसके कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाईपास रोड से लेकर तहसील रोड और सराय वीरू चौराहा तक सड़कों के दोनों किनारों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा दिखाई दे रहा है। ठेले खुमचे और अस्थायी दुकानों की लंबी कतारों ने सड़क की चौड़ाई को काफी कम कर दिया है जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा जिसमें राहगीरों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा और लोगों की सांसें जैसे थम सी गईं। इस अव्यवस्था का सबसे ज्यादा असर गंभीर रूप से बीमार मरीजों पर पड़ा जिन्हें अस्पताल पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सब्जी फल मांस और मछली बेचने वाले विक्रेताओं के साथ साथ कुछ दबंग लोगों ने भी सड़क के दोनों किनारों पर बांस बल्ली लगाकर अवैध कब्जा कर लिया है। तहसील रोड पर मसाला और कपड़ा दुकानदारों ने भी अपना सामान सड़क तक फैला रखा है जिससे वाहन चालकों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। मछली मंडी के पास बेतरतीब खड़े वाहन समस्या को और गंभीर बना देते हैं जिसके कारण सराय वीरू चौराहे तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ने लगी है।
इस बीच लोगों की बढ़ती शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।