जौनपुर (उत्तर प्रदेश):- जौनपुर जिले के खुटहन क्षेत्र में शुक्रवार रात एक 25 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह अपने घर के सामने बने बरामदे के कमरे में रहता था। शनिवार शाम उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। रात करीब 9 बजे उसकी मां मीना देवी जब उसे भोजन के लिए बुलाने पहुंचीं तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद जब कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पड़ोसियों ने टॉर्च की रोशनी में रोशनदान से अंदर देखा तो अर्जुन का शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।
बताया जा रहा है कि अर्जुन दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता और बड़ा भाई रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहते हैं, जबकि अर्जुन अपनी मां के साथ गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।